17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन, पुलिस परेड ग्राउंड में जलेंगे 51 हजार दीप
CBN36 बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अभियान के उद्देश्य, कार्यक्रमों की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस परेड ग्राउंड में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित होंगे
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से होगी। पुलिस परेड ग्राउंड में 51 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसमें माय भारत, एनएसएस और एनसीसी के स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। दीप प्रज्ज्वलन के जरिए जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
बच्चों के सपनों से दिखेगा विकसित भारत का स्वरूप

‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों में जनसेवा और विकास से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की वास्तविक और प्रेरक कहानियां सामने लाई जाएंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन उत्सव’ भी आयोजित किया जाएगा।
सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक
अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ जैसे कार्यक्रम होंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, वृद्धाश्रम और अनाथालय भ्रमण, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण और साइबर सुरक्षा जैसी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
सेवा सेतु शिविरों में एक जगह मिलेंगी योजनाओं की जानकारी
‘सेवा सेतु’ शिविरों में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ‘रंगोली राष्ट्र’ के तहत घरों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ कार्यक्रम के साथ होगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जन-जन से जोड़ते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का सामूहिक अभियान बनाया जाए।
प्रधान संपादक




