Explore

Search

May 27, 2026 11:56 am

कोयला उत्पादन, डिजिटलीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर, केंद्रीय मंत्री ने एसईसीएल कार्यों की समीक्षा की

बिलासपुर। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने एसईसीएल के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के विभिन्न कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आधारभूत संरचना और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े डिजिटल पोर्टलों का शुभारंभ किया तथा इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का लोकार्पण भी किया।

एसईसीएल मुख्यालय पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ने कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्र निर्माण और ऊर्जा सुरक्षा में कोयला श्रमिकों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, माइन क्लोजर, पर्यावरणीय पहल, डिजिटलीकरण और सीएसआर गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन सीवीओ हिमांशु जैन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने सुरक्षित और सतत खनन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है और उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कंपनी के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात भी कही।

इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोल इंडिया द्वारा किए गए 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल का योगदान 26.86 मिलियन टन रहा है, जो सर्वाधिक है।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने डिजाइन एंड ड्रॉइंग्स अप्रूवल इन एसईसीएल पोर्टल और हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम पोर्टल का शुभारंभ किया। अधिकारियों के अनुसार ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से एफएमसी, सीएचपी-साइलो, रेलवे साइडिंग और इन-पिट कन्वेयर सिस्टम जैसी परियोजनाओं से संबंधित डिजाइनों और ड्रॉइंग्स की ऑनलाइन जांच एवं अनुमोदन प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा। वहीं एचएमआईएस पोर्टल से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण और मरीजों के रिकॉर्ड प्रबंधन में सुविधा मिलेगी।

दौरे के दौरान मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का भी लोकार्पण किया। यह मशीन संक्रमण और विभिन्न रोगों की अधिक सटीक जांच में सहायक होगी। स्वचालित प्रणाली से लैस यह यूनिट तेजी से और त्रुटिरहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

लोकार्पण के बाद केंद्रीय मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS