Explore

Search

October 12, 2026 11:19 pm

नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस अलर्ट, शहर से गांव तक पैदल पेट्रोलिंग तेज

असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर, सुहेला में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक; श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात पर विशेष जोर

CBN36 बलौदाबाजार, 12 अक्टूबर 2026। नवरात्रि, दशहरा एवं आगामी पर्वों के मद्देनजर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक आईपीएस गौरव राय के निर्देशन में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और दुर्गा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

पर्वों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल सक्रिय है। पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले तत्वों की पहचान की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

सुहेला में यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

नवदुर्गा उत्सव के दौरान ग्राम सुहेला में दुर्गा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन को सुगम बनाने के लिए क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। साथ ही, मुख्य मार्गों से भारी वाहनों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि जाम की स्थिति न बने और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पुलिस की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने पर्वों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS