Explore

Search

May 9, 2026 6:40 pm

लंबित अपराधों के जल्द निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी सख्त ,विजुअल पुलिसिंग और ऑपरेशन तलाश पर फोकस

“नशे, साइबर फ्रॉड, जुआ-सट्टा, महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया निगरानी और थाना क्षेत्रों की सक्रिय पुलिसिंग पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश”

“ढाबों में  अवैध शराब बिक्री और धर्मकांटा से जुड़े संदिग्ध कारोबार पर थाना प्रभारियों को सख्त निगरानी के निर्देश”

रायगढ़, 9 मई। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण को लेकर शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराध समीक्षा, ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन तलाश, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई।

बैठक को तीन चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें रायगढ़, धरमजयगढ़ और खरसिया अनुभाग के अपराधों तथा पुलिस कार्यों की अलग-अलग समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित गंभीर अपराधों के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन तलाश के तहत विशेष अभियान चलाने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस टीमों को दूसरे राज्यों में भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने सीएसपी और एसडीओपी को अपराध निकाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करते हुए थाना प्रभारियों को लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में थाना स्तर पर लंबित मर्ग, गुम इंसान और शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सक्रिय और निष्क्रिय बदमाशों का सत्यापन कर उन्हें ए, बी और सी श्रेणी में वर्गीकृत करने कहा गया।

एसएसपी ने विजुअल पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने कहा। बीट पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि ओडिशा से निकलने वाला गांजा जिले के किसी भी थाना क्षेत्र से पार नहीं होना चाहिए। थाना प्रभारियों को ढाबों की नियमित जांच, अवैध शराब बिक्री पर रोक और ढाबों में थाना प्रभारी का मोबाइल नंबर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए गए। धर्मकांटा की आड़ में चल रहे संदिग्ध कबाड़ कारोबार पर भी निगरानी रखने कहा गया।

इसके अलावा ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने, साइबर अपराध, ट्रैफिक जागरूकता, महिला सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कानून व्यवस्था, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, वीआईपी सुरक्षा और निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS