बिलासपुर, 7 मई 2026।मस्तूरी ब्लॉक के सीपत शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 331 आवेदनों में से 201 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया। शेष आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित की गई।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को चेक, स्वीकृति आदेश एवं आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि समाधान शिविर शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी ने कहा कि ग्रामीणों को अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि समाधान शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर, दीपक शर्मा, जनपद पंचायत सभापति मनोज खरे, एसडीएम शिवकुमार कंवर, सीईओ मस्तूरी जे.आर. भगत, तहसीलदार गरिमा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर में 8 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 5 को श्रम कार्ड, 7 को मनरेगा जॉब कार्ड, 5 को आयुष्मान कार्ड, 3 किसानों को ऋण पुस्तिका तथा 2 हितग्राहियों को मछली जाल वितरित किए गए। इसके अलावा 16 हितग्राहियों का महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी किया गया तथा 112 लोगों का बीपी एवं शुगर जांच किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खातों का भी संचालन किया गया।

राजस्व विभाग द्वारा जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र तथा ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।शिविर में मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत सीपत, गुड़ी, नरगोड़ा, पोड़ी एवं जांजी सहित विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन बी.एल. कुर्रे ने किया।
प्रधान संपादक


