
“एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई”
छत्तीसगढ़।रायगढ़ में ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 100 ग्राम गांजा जब्त किया है। साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से स्कूटी के जरिए गांजा लेकर आ रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, स्कूटी और मोबाइल फोन सहित करीब 2.11 लाख की संपत्ति जब्त की है।
डीएसपी सुशांतो बेनर्जी ने क्या कहा सुने
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक नीले रंग की Hero Destini Prime स्कूटी में तीन युवक अवैध गांजा लेकर रायगढ़ आ रहे हैं। सूचना पर साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में साइबर थाना और चक्रधरनगर थाना की टीम ने ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर नाकेबंदी की।
नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कूटी को रोककर तीनों युवकों से पूछताछ की। आरोपियों ने अपने नाम विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव बताए। तलाशी के दौरान दो बोरों से 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.81 लाख बताई गई। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में बिक्री करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी हेमसागर यादव के कब्जे से मोबाइल फोन तथा गांजा परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 20 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


