Explore

Search

June 24, 2026 5:52 pm

रायपुर: फर्जी डिग्री और नौकरी दिलाने के नाम पर 2.34 करोड़ की ठगी, एक और आरोपिया गिरफ्तार

रायपुर, 25 मार्च 2026।राजधानी रायपुर में फर्जी एमबीबीएस/बीएएमएस डिग्री और पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपिया साक्षी सिंह (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मिले लिंक के आधार पर साक्षी सिंह की संलिप्तता सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया, जहां से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

फर्जी डिग्री तैयार कर गिरोह को करती थी सप्लाई

जांच में आरोपिया ने स्वीकार किया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर डी.वाई. पाटिल विद्यापीठ, पुणे के नाम पर फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस डिग्री तैयार कर मुख्य आरोपियों को उपलब्ध कराती थी।पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 03 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पहले ही 4 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पूर्व में भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर और राकेश रात्रे को गिरफ्तार कर चुकी है।

2.34 करोड़ रुपये की ठगी का मामला

प्रकरण की शुरुआत 17 फरवरी 2026 को हुई, जब प्रार्थी संजय निराला ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने और फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का झांसा देकर उससे और उसके रिश्तेदारों से कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपये ठग लिए।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

थाना सिविल लाइन में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS