बिलासपुर। स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति अखिल भारतीय ड्यूस बॉल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज की। राजा रघुराज स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में छत्तीसगढ़ ने दिल्ली को तीन विकेट से पराजित किया।
दिल्ली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 144 रन बनाए। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम ने 19 ओवर में 7 विकेट खोकर 145 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में छत्तीसगढ़ के वैभव साहू को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन (तीन विकेट व महत्वपूर्ण रन) के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

इससे पहले भी छत्तीसगढ़ की टीम ने डीवाई पाटिल नागपुर के खिलाफ 64 रन से जीत हासिल की। छत्तीसगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन बनाए, जबकि नागपुर की टीम 118 रन पर सिमट गई। इस मैच में संतोष यादव ने पांच विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
दिल्ली ने मुंबई को 5 रन से हराया
प्रतियोगिता के एक अन्य मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 160 रन ही बना सकी और दिल्ली ने 5 रन से जीत दर्ज की। दिल्ली के अर्णव बुग्गा ने 56 गेंदों में 95 रन की शानदार पारी खेली और ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
आईजी ने सराहा आयोजन, बोले-इंटरनेशनल मैच जैसा माहौल

बिलासपुर रेंज के आईजी आईपीएस रामगोपाल गर्ग, महापौर पूजा विधानी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आईजी गर्ग ने कहा कि स्व. लखीराम अग्रवाल की स्मृति में हो रहा यह आयोजन अत्यंत भव्य है और यहां का वातावरण अंतरराष्ट्रीय मैच जैसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और टीम भावना युवाओं को सकारात्मक दिशा देती है।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने का अवसर मिलेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे बिलासपुर के लिए महत्वपूर्ण बताया।नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने इसे शहर के लिए सराहनीय पहल बताया।
आठ राज्यों की टीमें ले रहीं हिस्सा
आयोजन समिति के प्रमुख प्रवीण दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय युवाओं को क्रिकेट की बारीकियां सीखने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 5 लाख रुपये एवं उपविजेता टीम को 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
अर्णव बुग्गा बोले-पिच शानदार, आईपीएल है लक्ष्य

दिल्ली के युवा खिलाड़ी अर्णव बुग्गा ने रघुराज स्टेडियम की पिच को बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा कि यहां खेलकर अच्छा अनुभव मिला। बुग्गा ने बताया कि वे भविष्य में आईपीएल खेलने का लक्ष्य लेकर तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों को कम उम्र में क्रिकेट शुरू करने की सलाह दी और कहा कि टेनिस बॉल से अभ्यास भी उपयोगी होता है। बुग्गा भारतीय स्टार खिलाड़ी विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं।
प्रधान संपादक


