
“कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट केप्रकरणों में 107 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया गया है”
रायपुर। राजधानी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा सहित विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क को ध्वस्त किया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आईपीएस अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त मध्य उमेश गुप्ता, पुलिस उपायुक्त उत्तर मयंक गुर्जर एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल की सतत निगरानी में ACCU, ANTF और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
क्राइम ए.सी.पी. डॉ. नरेश पटेल के नेतृत्व में 50 सदस्यीय टीम द्वारा 48 घंटे से अधिक समय तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ओडिशा के बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, बौध और कंधमाल जिलों में एक साथ दबिश देकर गांजा सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने 6 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 9 अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 1 आरोपी महाराष्ट्र तथा 8 आरोपी ओडिशा के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से एक चारपहिया वाहन एवं कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और ओडिशा तक फैला गांजा सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त कर दिया गया है। पूर्व में भी पुलिस द्वारा पंजाब के 4 चिट्टा तस्करों सहित कई अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब तक एनडीपीएस एक्ट केप्रकरणों में 107 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।
थाना पंडरी में दर्ज एक मामले में 9 किलो 500 ग्राम गांजा की तस्करी करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य प्रकरणों में ओडिशा से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए गए।

थाना कबीर नगर, सिविल लाइन और गंज में दर्ज मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी प्रकरणों में जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 11 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


