Explore

Search

March 25, 2026 5:46 pm

अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर ठगी करने वाला शातिर सायबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड नोएडा से दबोचा गया

एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई,सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी देकर 1.50 लाख रुपये ऐंठे

बिलासपुर, 25 मार्च 2026।सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले शातिर साइबर ठग को तोरवा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देता था और डर के माहौल में लोगों से मोटी रकम वसूलता था।

मामले में प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात कुछ अज्ञात नंबरों से कॉल कर उसे वीडियो कॉल के जरिए फंसाया गया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और यूपीआई के माध्यम से कुल 1,50,400 रुपये वसूल लिए।

शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह के निर्देश पर अएएसपी सिटी पंकज कुमार पटेल के मार्गदर्शन एवं सीएसपी आईपीएस गगन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर और यूपीआई ट्रांजेक्शन की बारीकी से जांच की गई, जिसमें आरोपी का सुराग नोएडा उ.प्र. में मिला।

थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में टीम ने नोएडा और दिल्ली में दबिश दी। स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी गुरजीत कुमार (21 वर्ष), निवासी बिजनौर उ.प्र.एवं वर्तमान पता सेक्टर-07, नोएडा को 22 मार्च 2026 को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात कबूल की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को 25 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल या संदिग्ध लिंक से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS