नई दिल्ली में वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 से नवाजा गया
नई दिल्ली-बिलासपुर। जल संरक्षण एवं औद्योगिक जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। कंपनी को “इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्ट्यूअर्डशिप अवार्ड” प्रदान किया गया।

नई दिल्ली में 23 मार्च 2026 को आयोजित समारोह में यह सम्मान भारत सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री श्री राज भूषण चौधरी के करकमलों से प्रदान किया गया। एसईसीएल की ओर से अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चंद्र महापात्र ने पुरस्कार ग्रहण किया।
यह सम्मान एसईसीएल द्वारा खान जल के सदुपयोग के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए दिया गया है। कंपनी द्वारा खदानों से निकलने वाले जल को संरक्षित कर आसपास के क्षेत्रों में उपयोग किया जा रहा है, जिससे जल संकट में कमी आई है और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो रहा है।
एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने कहा कि जल संरक्षण कंपनी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि सतत एवं जिम्मेदार खनन के तहत खान जल का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ स्थानीय समुदायों, विशेषकर किसानों को लाभ मिल रहा है।
इस पहल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ी है और किसानों को सिंचाई के लिए विश्वसनीय स्रोत मिलने से वे अब वर्ष में दो फसलें लेने में सक्षम हो रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र में सतत जल प्रबंधन को भी मजबूती मिली है ।
प्रधान संपादक


