बिलासपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान सप्तमी और अष्टमी पर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। इस बार विशेष रूप से ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी जाएगी, वहीं पूरे मार्ग में पेट्रोलिंग टीम तैनात रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि बड़ी संख्या में पदयात्री और वाहन रतनपुर पहुंचते हैं, जिससे मार्गों पर अत्यधिक दबाव रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे से रतनपुर आने वाले प्रमुख मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा। यातायात व्यवस्था के तहत शहर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को चिल्हाटी मोड़, अशोक नगर चौक, गुरुनानक चौक, गुम्बर पेट्रोल पंप, मंगला चौक और महाराणा चौक के पास रोका जाएगा। वहीं रायपुर मार्ग से आने वाले वाहनों को सेंदरी अरपा पुल, कोरबा मार्ग के वाहनों को ग्राम कर्रा, गौरेला-पेंड्रा की ओर से आने वाले वाहनों को सिल्ली मोड़ तथा कोटा मार्ग से आने वाले वाहनों को लखनी मोड़ के पास डायवर्ट किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस और यातायात बल की तैनाती की गई है। पूरे यात्रा मार्ग में सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हुड़दंग की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीम ब्रीथ एनालाइजर के साथ मौजूद रहेगी, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। आपात स्थिति से निपटने के लिए पेट्रोलिंग टीम, फिक्स प्वाइंट, एम्बुलेंस और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को भी तैनात किया गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान संयम और धैर्य बनाए रखें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशे में वाहन चलाने या हुड़दंग की स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
प्रधान संपादक


