Explore

Search

March 29, 2026 2:03 pm

जेल से छूटते ही हथियारों के साथ निकाली रैली, दो युवक फिर भेजे गए जेल

बिलासपुर। हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर जेल से छूटे एक युवक द्वारा हथियारों के साथ रैली निकालकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। मामले में सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई करते दो युवकों को गिरफ्तार कर फिर से जेल भेज दिया है। साथ ही आरोपी की जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा सूर्या चौक निवासी हर्ष उपाध्याय(21) को पुलिस ने पूर्व में हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया था। वह करीब 15 महीनों से जेल में बंद था और सोमवार को जमानत पर सेंट्रल जेल से रिहा हुआ। जेल से रिहाई के बाद उसके परिजन और मित्र उसे लेने पहुंचे थे। घर पहुंचने के बाद उसके दोस्तों ने जश्न के रूप में बाइक रैली निकाली। रैली के दौरान हर्ष उपाध्याय को कार में बैठाकर पूरे इलाके में घुमाया गया। इस दौरान कई युवक बेसबॉल स्टिक और धारदार हथियार लेकर चल रहे थे। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को बताया कि रैली में शामिल युवक हथियार लहराते हुए राहगीरों के साथ अभद्रता कर रहे थे और मोहल्ले में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही रैली में शामिल कई युवक भाग निकले। हालांकि पुलिस ने मौके से हर्ष उपाध्याय और उसके साथी अजय साहू को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से धारदार हथियार बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि दोनों युवक रैली के दौरान खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे। इस पर पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि आरोपित ने जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है।  उसे पहले हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में गिरफ्तार किया गया था और अब रिहाई के तुरंत बाद उसने कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साथ ही, हर्ष उपाध्याय की जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS