Explore

Search

March 23, 2026 12:28 am

जांजगीर-चांपा में सामुदायिक पुलिसिंग की मिसाल: चारपारा में 60 महिला कमांडो टीम का गठन, सुरक्षा जागरूकता पर जोर

जांजगीर-चांपा, 22 मार्च 2026। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चारपारा में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 60 सदस्यीय महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा की उपस्थिति में ग्रामीणों और महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने महिलाओं को समाज में सुरक्षा, सतर्कता और आत्मविश्वास के साथ आगे आने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा ग्रामीण स्तर पर सुरक्षा तंत्र को सशक्त बनाना है।

महिला कमांडो टीम में गांव की सक्रिय और जागरूक महिलाओं को शामिल किया गया है। टीम का कार्य क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस तक पहुंचाना और महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में सहयोग करना रहेगा।

निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने टीम को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल समाज में अपराध, नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर महिला कमांडो टीम को पहचान के लिए टोपी और सीटी वितरित की गई, ताकि वे अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र में आसानी से पहचानी जा सकें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

इस मौके पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा, जहां महिलाओं ने समाज में सुरक्षा और जागरूकता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS