Explore

Search

March 22, 2026 8:07 pm

करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा कारोबार का दुर्ग पुलिस ने किया पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 22 मार्च। शहर में चल रहे करोड़ों रुपये के संगठित ऑनलाइन सट्टा कारोबार का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना जामुल क्षेत्र में संचालित इस गिरोह से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन लाखों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

दुर्ग पुलिस ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालन की गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर उन्हें आईडी उपलब्ध कराता था और मोबाइल व लैपटॉप के जरिए सट्टा संचालित करता था।

पुलिस ने बताया कि अवैध लेन-देन को छिपाने के लिए गिरोह द्वारा विभिन्न सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था। गिरोह में कार्यों का स्पष्ट विभाजन था और तकनीकी रूप से बाहरी व्यक्तियों द्वारा भी संचालन नियंत्रित किया जा रहा था।

मामले में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराएं 6, 7, 8 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन 3 से 7 लाख रुपये के लेन-देन की पुष्टि हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नगद, 16 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 7 बैंक पासबुक, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन से जुड़े रजिस्टर तथा एक पासपोर्ट जप्त किया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS