Explore

Search

March 22, 2026 4:52 pm

नवरात्रि पर स्वयंसिद्धा फाउंडेशन का वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर, बुजुर्गों को मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

बिलासपुर।नवरात्रि के शुभ अवसर पर सामाजिक संस्था स्वयंसिद्धा फाउंडेशन द्वारा कल्याणकुंज वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समाधान करना रहा।

इस अवसर पर कलेक्टरआईएएस संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयंसिद्धा फाउंडेशन समाजहित में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से बुजुर्गों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का अवसर मिला है और जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर शिव बनर्जी, मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. बी.पी. सिंह, आश्रम अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, सचिव नवनीत अग्रवाल, एसपी चतुर्वेदी, अनिल टाह और पार्षद अमित तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल और आंखों की जांच शामिल रही। जांच के बाद बुजुर्गों को निःशुल्क दवाइयां, आई ड्रॉप और चश्मे वितरित किए गए।

संस्था के अध्यक्ष चंचल सलूजा ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा करना ही सच्ची सेवा है। उन्होंने बताया कि संस्था का प्रयास है कि वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संबल भी मिले।

वहीं, सचिव नवीन चंद्र दुबे ने जानकारी दी कि संस्था प्रत्येक पर्व पर वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्गों के साथ समय बिताती है, जिससे उन्हें अपनापन महसूस होता है।

कार्यक्रम में ऋतु साहू, श्वेता सिंह, प्रियंक सराफ और आदर्श सराफ सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में डॉ. बी.पी. सिंह का विशेष योगदान रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS