बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली एक शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि उसके साथ पूर्व में दुष्कर्म करने वाले साथी कर्मचारी ने शादी से इन्कार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सहेली को भी आरोपी ने पीट दिया। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंगला क्षेत्र में रहने वाली महिला शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि करीब दो-तीन साल पहले उसके साथ राघव सिंह नामक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। उस समय उसने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। मामले के बाद आरोपी ने शादी करने का झांसा देते हुए उस पर न्यायालय में बयान बदलने का दबाव बनाया। शादी के भरोसे में आकर पीड़िता ने अदालत में अपना बयान बदल दिया, जिसके बाद आरोपी को जमानत मिल गई। शिक्षिका का कहना है कि जमानत मिलने के बाद भी आरोपी लगातार शादी को लेकर टालमटोल करता रहा। इसी बात को लेकर शुक्रवार को वह आरोपी से मिलने उसके पास पहुंची और विवाह करने के लिए कहा। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए शिक्षिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामा और विवाद बढ़ता देख शिक्षिका की एक सहेली वहां पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे वह भी घायल हो गई। घटना के बाद दोनों महिलाएं किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइन पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही पुराने प्रकरण से जुड़े तथ्यों की भी समीक्षा की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय प्रक्रिया के दुरुपयोग को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रधान संपादक


