Explore

Search

March 22, 2026 11:42 am

बैंक से लौट रहे ग्रामीण को मालवाहक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

बिलासपुर। शहर के गांधी चौक के पास तेज रफ्तार मालवाहक ने बैंक से लौट रहे एक ग्रामीण को टक्कर मार दी। हादसे में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद स्वजन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीपत क्षेत्र के ग्राम सेलर निवासी अशोक सूर्यवंशी बुधवार को बैंक से रुपये निकालने के लिए बिलासपुर आए थे। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। अशोक के भांजे विकास सूर्यवंशी, जो सकरी क्षेत्र के घुरू में प्रॉपर्टी डीलर हैं, को उनकी मामी भगवती बाई ने फोन कर इस संबंध में जानकारी दी। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन अशोक का कोई पता नहीं चला। इस बीच परिजनों ने आशंका जताई कि अशोक की तबीयत खराब हो सकती है, क्योंकि उन्हें बीपी और शुगर की समस्या है। इसके बाद विकास ने सिम्स अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई, जहां उनके मामा अशोक सूर्यवंशी बेहोशी की हालत में भर्ती मिले। अस्पताल में पूछताछ करने पर पता चला कि उन्हें गांधी चौक के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी और राहगीरों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सच्चाई जानने के लिए विकास ने गांधी चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में स्पष्ट हुआ कि एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने अशोक को टक्कर मारी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। विकास सूर्यवंशी ने घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात मालवाहक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने शहर में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS