Explore

Search

May 15, 2026 4:16 pm

रायगढ़ के आमाघाट गांव में अवैध अफीम की खेती का बड़ा खुलासा, 2 करोड़ से अधिक की जप्त 

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी, इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा”

रायगढ़, 21 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अफीम के हजारों पौधे और तैयार अफीम बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 2 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह से मिली जानकारी के अनुसार, 19-20 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे स्थित भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स सहित पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान खेत में काम कर रहे दो व्यक्ति फरार हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मार्शल संगा (40 वर्ष), निवासी खूंटी, झारखंड बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों इमानवेल भेंगरा और सीप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रहा था।

जांच के दौरान पुलिस, एफएसएल, आबकारी, कृषि एवं राजस्व विभाग की टीमों की मौजूदगी में खेतों का परीक्षण किया गया, जिसमें अफीम की खेती की पुष्टि हुई। मौके से कुल 60,326 अफीम पौधे (वजन 2,877 किलोग्राम) बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से 3.02 किलोग्राम तैयार अफीम भी जब्त की गई।

इस मामले में थाना तमनार में आरोपी मार्शल संगा सहित उसके दोनों साथियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 18 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

 

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS