Explore

Search

March 21, 2026 7:30 pm

सीएम विष्णु देव साय बस्तर में देंगे राज्य की सबसे बड़ी ‘हेरिटेज मैराथन’ की सौगात

धनंजय राठौर

रायपुर, 21 मार्च 2026।छत्तीसगढ़ सरकार खेल, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को एक साथ जोड़ते हुए राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा रनिंग इवेंट ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026’ आयोजित करने जा रही है। ‘बस्तर दौड़ेगा, देश जुड़ेगा’ की थीम पर आधारित यह आयोजन 22 मार्च, रविवार को होगा। मैराथन की शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होकर विश्वप्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात पर समाप्त होगी।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस मार्ग पर दौड़ते हुए प्रतिभागियों को बस्तर की हरियाली, घाटियों और जनजातीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जिससे यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता न होकर एक सांस्कृतिक अनुभव भी बन जाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह आयोजन खेल, परंपरा और जनभागीदारी का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए अवसर और रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मैराथन में भागीदारी को व्यापक बनाने के लिए 42 किमी (फुल मैराथन), 21 किमी (हाफ मैराथन), 10 किमी और 5 किमी (फन रन) की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागियों के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। पंजीकरण शुल्क 299 रुपये निर्धारित है, जबकि बस्तर संभाग के सातों जिलों के प्रतिभागियों के लिए यह पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरे रूट पर रिफ्रेशमेंट पॉइंट्स, मेडिकल सहायता और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी को फिनिशर मेडल, ई-सर्टिफिकेट और प्रोफेशनल फोटोग्राफी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन स्थल पर जुम्बा सेशन और लाइव डीजे जैसे कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

‘रन फॉर नेचर, रन फॉर कल्चर’ की थीम के साथ यह मैराथन बस्तर की प्राकृतिक धरोहर और जनजातीय परंपराओं को देशभर में प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने देशभर के खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और पर्यटकों से इस आयोजन में भाग लेने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के विजन से प्रेरित है। राज्य सरकार बस्तर को देश के प्रमुख पर्यटन और स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से न केवल फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों, कलाकारों और छोटे व्यवसायों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से या क्यूआर कोड स्कैन कर पंजीकरण कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों को बस्तर आकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का आमंत्रण दिया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS