“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा मवेशी तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिक ऐसे मामलों की सूचना निःसंकोच पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी”

रायगढ़, 15 फरवरी।एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में मवेशी तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 24 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिकअप वाहन व मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।
जोबी पुलिस की कार्रवाई: 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 गौवंश मुक्त

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत गश्त एवं नाकेबंदी की जा रही है। इसी क्रम में 14 फरवरी की रात्रि पुलिस चौकी जोबी को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल से पायलेटिंग करते हुए पिकअप वाहन में गौवंश को क्रूरतापूर्वक लादकर उड़ीसा की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर चौकी प्रभारी एएसआई लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में अटल चौक पर नाकेबंदी की गई। कुछ समय बाद पिकअप वाहन क्रमांक JH 07 M 0203 तथा एक बिना नंबर होंडा साइन मोटरसाइकिल को रोका गया। जांच में वाहन में 10 नग गौवंश रस्सियों से बंधे हुए पाए गए।
पुलिस ने मौके से पवन राम, परमेश्वर यादव एवं भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पिकअप वाहन (कीमत लगभग 6 लाख), मोटरसाइकिल (1 लाख) तथा 10 गौवंश (2.55 लाख) कुल 9.55 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई।आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में 14 गौवंश सुरक्षित
दूसरी कार्रवाई धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम कोन्ध्रा जंगल में की गई, जहां जागरूक नागरिकों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तस्कर 14 नग गौवंश छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित जप्त कर पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया तथा चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की।इस मामले में अज्ञात तस्करों के विरुद्ध पशु परिरक्षण एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत मवेशी तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। गौवंश के अवैध परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिक ऐसे मामलों की सूचना निःसंकोच पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
प्रधान संपादक


