50 किलो से अधिक गांजा, दो लाख नकद व कार जब्त, नशा कारोबारियों को पुलिस की सख्त चेतावनी

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में गांजा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और चारपहिया वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 32.67 लाख रुपये बताई गई है।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 14 फरवरी 2026 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक कार में सवार दो व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
जांच के दौरान कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले बताया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 किलो 94 ग्राम गांजा, दो लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और टोयोटा कार MH 01 BU 9616 जब्त की। इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 धारा 20(सी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा गांजा तस्करी के 12 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 125.658 किलोग्राम गांजा सहित लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों में हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज, पिता रमाकांत सरोज, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुमित बाजार के पास धमतरी, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी हिमांशु दामले, पिता रमेश दामले, उम्र 31 वर्ष, निवासी आतर गांव, थाना अम्बागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर शामिल हैं ।
प्रधान संपादक


