
बिलासपुर, 14 फरवरी।हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, पराक्रम और आदर्शों पर आधारित विश्वविख्यात ऐतिहासिक महानाट्य जाणता राजा का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस से ही इस विराट मंचन ने दर्शकों को राष्ट्रभावना, स्वराज और न्याय के मूल्यों से जोड़ते हुए भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक धर्मलाल कौशिक सुशांत शुक्ला विश्वविजय सिंह तोमर भूपेश सव्वनी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी उपस्थित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में नागरिकों ने इस ऐतिहासिक प्रस्तुति का साक्षी बनने के लिए उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात माँ भवानी की आरती के साथ महानाट्य का विधिवत मंचन प्रारंभ हुआ।
लगभग तीन घंटे तक चले इस भव्य महानाट्य ने आरंभ से अंत तक दर्शकों को बांधे रखा। विशाल मंच सज्जा, सजीव युद्ध दृश्य, प्रभावशाली प्रकाश एवं ध्वनि संयोजन, सशक्त संवाद अदायगी तथा लोकगीतों और भजनों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। राष्ट्रवाद, स्वराज, न्याय और रामराज्य की प्रेरणा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए जाने पर दर्शक दीर्घा बार-बार तालियों की गूंज से भर उठी।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने बताया कि यह ऐतिहासिक महानाट्य 14 एवं 15 फरवरी की शाम भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि जाणता राजा केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि समाज की चेतना को जागृत करने वाला सांस्कृतिक आंदोलन है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन से स्वराज न्याय साहस और जनकल्याण की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि राज्य युवा आयोग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग बच्चे, युवा महिलाएं एवं वरिष्ठजन को गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। बिलासपुर में पहली बार आयोजित इस विराट ऐतिहासिक प्रस्तुति ने न केवल सांस्कृतिक चेतना को जागृत किया है, बल्कि नई पीढ़ी को स्वाभिमान नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी प्रयास भी किया है।
प्रधान संपादक


