डीआईजी एवं एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने कहा और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना:मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई, पूरे नेटवर्क की पहचान कर शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ होगी कार्रवाई

बिलासपुर ।हेरोइन तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना चकरभाठा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण की विवेचना के दौरान की गई।
थाना चकरभाठा में अपराध क्रमांक 65/2026 धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में पुलिस ने 01 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए करण दीपसिंह, मोहित हिंदूजा एवं रजिन्दर कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 34 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई थी। तीनों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल बिलासपुर भेजा गया।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर प्रकरण की एंड-टू-एंड विवेचना करते हुए पुलिस ने सप्लाई चेन से जुड़े अहम सुराग जुटाए। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम जिला तरनतारन पंजाब के थाना खेमकरण क्षेत्र पहुँची, जो भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे 63 वर्ष को गिरफ्तार किया, जो हेरोइन सप्लाई का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है, जहां उसे एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी का बड़ा पुत्र पहले से ही मादक पदार्थों के मामले में जेल में बंद है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, सीमा क्षेत्र होने के कारण इस इलाके में ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों की सप्लाई की आशंका की सूचनाएं लगातार मिलती रही हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। पूरे नेटवर्क की पहचान कर इसमें संलिप्त हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस द्वारा संपूर्ण सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए विवेचना जारी है और आगे और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रधान संपादक


