Explore

Search

May 30, 2026 11:52 pm

राष्ट्रीय स्तर GATE परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

रायपुर।राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा के दौरान हाईटेक तरीकों से नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना डीडी नगर एवं एसीसीयू रायपुर की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ आधारित सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार GATE परीक्षा के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा परीक्षार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से अनुचित लाभ दिलाने की योजना बनाए जाने की विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल एवं डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में तथा एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल जोन, सरोना के आसपास गोपनीय निगरानी रखी। इसी दौरान कुछ व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान इनके पास नकल कराने में प्रयुक्त उपकरण मिले। इसके बाद परीक्षा केंद्र में बैठे संदिग्ध परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई, जहां से सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि परीक्षार्थी प्रश्न पढ़कर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से बाहर बैठे सहयोगियों को भेजते थे, जो गूगल सर्च के जरिए उत्तर तैयार कर पुनः ब्लूटूथ के माध्यम से परीक्षार्थियों तक पहुंचाते थे। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।

इस संबंध में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66 तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम की धारा 10(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

बरामद सामग्री में तीन सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस, चार अन्य ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, आठ मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, नरेंद्र कुमार एवं बंटी कुमार शामिल हैं, जो सभी हरियाणा राज्य के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।पुलिस के अनुसार प्रकरण की विवेचना जारी है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS