Explore

Search

April 7, 2026 1:51 pm

राखड़ डेम के दो कांटा घरों में चोरी, 4.33 लाख का सामान गायब

बिलासपुर। सीपत के एनटीपीसी में ग्राम कौड़िया के समीप स्थित राखड़ डेम के दो कांटा घरों में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये के उपकरण चोरी कर लिए। चोरी की यह घटना पांच जनवरी से तीन फरवरी के बीच की बताई जा रही है। मामले की रिपोर्ट ऐश मैनेजमेंट विभाग के एजीएम ने थाने में दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।



सीपत एनटीपीसी के ऐश मैनेजमेंट विभाग में पदस्थ एजीएम अनंत कुमार वाष्णेय ने पुलिस को बताया कि उनके क्षेत्राधिकार अंतर्गत ग्राम कौड़िया के पास राखड़ डेम में दो कांटा घर संचालित हैं। उन्होंने पांच जनवरी की सुबह करीब 10.30 बजे दोनों कांटा घरों का निरीक्षण किया था, उस समय सभी उपकरण सुरक्षित और व्यवस्था सामान्य पाई गई थी। इसके बाद तीन फरवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे नियमित निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि दोनों कांटा घरों के दरवाजों में लगे ताले टूटे हुए हैं। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि कांटा घर में रखे कई कीमती उपकरण गायब हैं। चोरी हुए सामान में दो एयर कंडीशनर, बैट्री सहित दो इनवर्टर, तीन डिस्प्ले यूनिट जिसमें दो छोटी और एक बड़ी, दो कंप्यूटर सेट सीपीयू, की-बोर्ड, मॉनिटर, माउस और केबल सेट समेत, एक प्रिंटर, दो कुर्सियां और एक टेबल शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब चार लाख 33 हजार रुपये आंकी गई है।


सीआईएसएफ से की शिकायत, फिर थाने में कराई रिपोर्ट
पीड़ित अधिकारी ने बताया कि चोरी की जानकारी उन्होंने तत्काल सीआईएसएफ को लिखित रूप में दी थी। हालांकि, सीआईएसएफ की ओर से कार्रवाई में देर होने के कारण वे शनिवार को थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि रिपोर्ट उनके बयान के अनुसार सही लिखी गई है और वे मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई चाहते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी रात के समय की गई प्रतीत होती है और इसमें संगठित गिरोह की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS