Explore

Search

March 8, 2026 6:05 am

महिला के पर्स से डेढ़ तोला सोने की चेन व झुमका पार

बिलासपुर। जिले में भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक परिवहन में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बस में सफर कर रही शिक्षा विभाग में पदस्थ एक महिला भृत्य के पर्स से अज्ञात चोरों ने डेढ़ तोला सोने की चेन और कान का झुमका चोरी कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है।


कोनी क्षेत्र में रहने वाली दुर्गा बाई यादव (41) शिक्षा विभाग में भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पदस्थापना सेंदरी स्थित शासकीय हाई स्कूल में है। गुरुवार को वे अपने निजी काम से पेंड्रा जाने के लिए बस में सवार हुई थीं। बस में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने एहतियात के तौर पर गले की सोने की चेन और कान के झुमके उतारकर अपने पर्स में रख लिए थे। बस रतनपुर महामाया चौक के पास पहुंची, इसी दौरान बस में यात्रियों की काफी आवाजाही रही। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी सफाई से उनके पर्स से कीमती जेवरात निकाल लिए। जब कुछ देर बाद दुर्गा बाई यादव ने पर्स खोलकर देखा तो उसमें रखी सोने की चेन और झुमका गायब थे। पर्स में अन्य सामान सुरक्षित था, जिससे चोरी की आशंका और भी पुख्ता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने रतनपुर थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बस में सफर कर रहे अन्य यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और बस के रूट व समय के आधार पर संभावित संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS