अड्डेबाजी करने वालों पर रहेगी सख्त निगरानी,अंधेरी और सुनसान जगहों पर ड्रोन से रखी गई नजर, मौके पर दबिश, आबकारी एक्ट में कार्रवाई

बिलासपुर। शहर में अड्डेबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी कर रही है। ड्रोन से मिली जानकारी के आधार पर सरकंडा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दर्जनभर युवकों को शराब पीते और अड्डेबाजी करते पकड़ा है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अंधेरी और सुनसान जगहों पर ड्रोन से रखी गई नजर

सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि शहर में अपराध और बदमाशों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार नई तकनीक का उपयोग कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार शाम सरकंडा थाना क्षेत्र के ईरानी मोहल्ला, जोरा तालाब, अटल आवास चिंगराजपारा, शनिचरी बाजार स्थित शराब भट्टी के आसपास और चेक डैम क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की गई। ड्रोन कैमरे में इन स्थानों पर कुछ युवक अंधेरी और सुनसान जगहों पर मजमा लगाकर शराब पीते और अड्डेबाजी करते दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर रहे युवकों को पकड़ लिया।
मौके पर दबिश, आबकारी एक्ट में कार्रवाई

पुलिस की दबिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ युवक भागने की कोशिश करते दिखे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब एक दर्जन युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में यह सामने आया कि सभी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे थे और आसपास के लोगों को परेशान कर रहे थे।पुलिस ने सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल न होने की चेतावनी देते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
अड्डेबाजी करने वालों पर रहेगी सख्त निगरानी

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अड्डेबाजी करने वालों और संदिग्ध तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन निगरानी के साथ-साथ बुधवार को क्षेत्र में पैदल पेट्रोलिंग भी की गई। इस दौरान पुलिस ने बदमाश प्रवृत्ति के लोगों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह ड्रोन निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


