Explore

Search

February 5, 2026 1:15 pm

मंगेतर के सामने युवक की पिटाई, धारदार हथियार से किया हमला

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में मंगलवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर उसके मंगेतर के सामने जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपित ने पहले गाली-गलौज की, फिर युवक के विरोध करने पर उसके साथ जमकर मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय उसकी मंगेतर, होने वाली सास सहित अन्य परिजन भी मौके पर मौजूद थे।


राजकिशोर नगर निवासी सुनील महंत (21) सब्जी दुकान में काम करता है। मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला नानू उर्फ समीर गोंड वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। उसी रंजिश को लेकर आरोपित ने सुनील के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। सुनील द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपित और उग्र हो गया। उसने सुनील के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपित ने धारदार हथियार निकालकर सुनील पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। घटना के वक्त सुनील की मंगेतर, उसकी होने वाली सास और अन्य रिश्तेदार भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने शोर मचाकर और बीच-बचाव कर किसी तरह आरोपित को वहां से भगाया। इसके बाद घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। हालांकि, गंभीर चोटें आने के कारण उसे काफी खून बह गया। घटना के बाद घायल सुनील महंत सरकंडा थाना पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपित नानू उर्फ समीर गोंड के खिलाफ मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही आरोपित फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS