बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में भंडारे के दौरान चोरी की एक घटना सामने आई है। ग्राम गनियारी की रहने वाली एक महिला भंडारे में प्रसाद लेने के लिए लाइन में खड़ी थी। इसी दौरान चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन पार कर दी। पीड़िता की शिकायत पर कोटा पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

शिव पुराण सुनने गई थी महिला, भंडारे में हुई चोरी
कोटा क्षेत्र के ग्राम गनियारी में रहने वाली शगुन देवांगन (50) गृहिणी हैं। वे शनिवार की शाम अपनी बेटी काजल और नातिन भूमि के साथ बेलटुकरी स्थित सती दाई मंदिर में आयोजित शिव पुराण कथा सुनने गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद मंदिर परिसर में ही भंडारे का आयोजन किया गया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे। महिला भी अपनी बेटी और नातिन के साथ प्रसाद लेने के लिए लाइन में खड़ी थी। इस दौरान मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी सफाई से महिला के गले में पहनी सोने की चेन निकाल ली।
लाइन में खड़ी महिला को नहीं चला पता
पीड़िता ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण उसे तुरंत चोरी की जानकारी नहीं हो पाई। कुछ देर बाद जब उसने अपने गले में हाथ डाला तो चेन गायब मिली। इसके बाद महिला ने आसपास खोजबीन की और परिजनों को इसकी जानकारी दी, लेकिन चेन का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद महिला ने कोटा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है।
आसपास के गांवों में बदमाशों की तलाश
कोटा थाना पुलिस का कहना है कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के गांवों में संदिग्ध बदमाशों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि भंडारे और धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ में सक्रिय जेबकतरों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
प्रधान संपादक


