Explore

Search

February 5, 2026 3:54 pm

36 लाख के सोने के जेवर लेकर कारोबारी फरार, सराफा व्यापारी से धोखाधड़ी

बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सराफा कारोबार से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तेलीपारा स्थित एक सराफा व्यापारी से करीब 36.83 लाख रुपए कीमत के 224.670 ग्राम सोने के जेवर लेकर राजस्थान का कारोबारी फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


कोतवाली क्षेत्र के तेलीपारा रोड, अजीत होटल के सामने स्थित श्री लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी (44) ने पुलिस को बताया कि 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान में आया। उसने अपना नाम कमलेश सोनी बताया और खुद को राम सिल्वर, 156-सी, दाउ जी की बावड़ी, नाकोड़ा नगर, उदयपुर (राजस्थान) का संचालक बताया। आरोपी ने खुद को सोना-चांदी के आभूषणों का बड़ा कारोबारी बताते हुए व्यापारिक लेन-देन के लिए भरोसा दिलाया। आरोपी ने तुषार दोशी से कहा कि वह 22 कैरेट सोने के जेवर लेकर उन्हें बाजार में बेच देगा और उसकी रकम तय समय में वापस कर देगा। उसकी बातों पर भरोसा करते हुए सराफा व्यापारी ने 224.670 ग्राम सोने के हार और कंगन, जिनकी कीमत करीब 36.83 लाख रुपए आंकी गई, उसे व्यापारिक बुकिंग पर दे दिए। तुषार दोशी ने बताया कि 20 मार्च 2024 को उक्त सोने के जेवर कोरियर के माध्यम से उदयपुर स्थित राम सिल्वर के पते पर भेज दिए गए। जेवर प्राप्त होने के बाद आरोपी ने 28 मार्च 2024 को पीड़ित के खाते में महज 6,500 रुपए की ऑनलाइन पेमेंट की। इसके बाद उसने न तो शेष रकम का भुगतान किया और न ही सोने के जेवर वापस किए। पीड़ित व्यापारी के अनुसार, जब उन्होंने आरोपी से लगातार संपर्क करने की कोशिश की तो वह टालमटोल करता रहा। कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। खुद को ठगा महसूस करने पर तुषार दोशी ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों व कोरियर रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS