बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच पुराने विवाद ने सोमवार को एक बार फिर उग्र रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक जा पहुंचा, जहां रिपोर्ट दर्ज कराने आए दोनों पक्षों के बीच जमकर झुमा-झटकी, गालीगलौच और बदतमीजी हुई। थाना परिसर में हंगामे की स्थिति बनते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि कोटा के चंडी माता चौक के पास रहने वाले संतोष मिश्रा उर्फ छोटू महराज और राम सोनी के बीच वाहन पार्किंग को लेकर सोमवार को विवाद हुआ था। बताया गया कि पहले से चले आ रहे विवाद के चलते कहासुनी के दौरान मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान संतोष मिश्रा उर्फ छोटू महराज ने कथित तौर पर राम सोनी पर तलवार से हमला कर दिया। घटना के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने परिवार के सदस्यों और समर्थकों के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने कोटा थाने पहुंचे। थाने पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गालीगलौच और बदतमीजी में बदल गई। थाना परिसर में हो रहे इस हंगामे से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख थाने में मौजूद पुलिस स्टाफ ने दोनों पक्षों को बार-बार समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश की और थाने की मर्यादा बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बावजूद दोनों पक्षों ने पुलिस की समझाइश को नजरअंदाज करते हुए हंगामा जारी रखा। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसएसपी रजनेश सिंह को दी गई। उन्होंने थाने में इस तरह की अनुशासनहीनता और हंगामे को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोटा पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 221 एवं 194(1) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
प्रधान संपादक


