Explore

Search

October 24, 2026 8:02 pm

सड़क हादसे में पाँच लोगों की मौत : फरार आरोपी ट्रेलर चालक गिरफ्तार – एसएसपी

जशपुर, 09 दिसंबर 2025।दुलदुला थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में फरार चल रहे ट्रेलर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दुर्घटना में i20 कार में सवार पाँच युवकों की मौत हो गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सतत् प्रयासों के बाद आरोपी को दुलदुला क्षेत्र से गिरफ्तार कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

तेज़ी और लापरवाही बनी हादसे की वजह : एसएसपी सिंह

एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, 06–07 दिसंबर की रात ग्राम लोरो से पतराटोली के मध्य नेशनल हाइवे-43 पर पंडरी पानी मोड़ के पास ट्रेलर और हुंडई i20 कार की आमने-सामने टक्कर हुई थी। सूचना पर पुलिस व ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पाँचों को मृत घोषित कर दिया।सभी मृतक ग्राम खटंगा, थाना दुलदुला के निवासी थे।

एसएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ट्रेलर चालक तेजी और लापरवाही से वाहन चला रहा था। मुंबई से लोहे-सीमेंट की इंडस्ट्रियल पाइप लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा ट्रेलर चालक मौके पर नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी।

आरोपी की गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद से फरार चल रहे ट्रेलर क्रमांक NL-01-AB-5953 के चालक रियाजुद्दीन निवासी ग्राम भंडारों थाना बरही, जिला हजारीबाग झारखंड के विरुद्ध थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 281, 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।लगातार की गई पतासाजी के बाद आरोपी को दुलदुला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया तथा घटना में प्रयुक्त ट्रेलर भी जब्त कर लिया गया है।

एसएसपी ने की पुलिस टीम की सराहना

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, आरक्षक अलेक्सियूस तिग्गा और अकबर चौहान का विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS