
“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और जुए जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई की जाएगी”
रायगढ़, 11 मार्च 2026। जिले में जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना चक्रधरनगर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे सट्टा खाईवाल गगन अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हिमालया हाइट्स, बैंक कॉलोनी के पास से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन जब्त किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते 16 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित श्याम फिनाइल उद्योग में छापेमारी कर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए दो आरोपियों विकास अग्रवाल और विनय अग्रवालको रंगे हाथ पकड़ा था। दोनों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। उनके पास से तीन मोबाइल फोन और सट्टे से संबंधित सामग्री बरामद की गई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खरसिया निवासी गगन अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा खाईवाल का काम करने की बात स्वीकार की थी। इसके आधार पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 52/2026, धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से गगन अग्रवाल फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने ससुराल आया हुआ है। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस ने घेराबंदी कर हिमालया हाइट्स बैंक कॉलोनी के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल साहू और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और जुए जैसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और जिले में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार अंकुश लगाया जाएगा।
प्रधान संपादक


