रायपुर, 10 मार्च 2026। महिलाओं को यदि अवसर और उचित सहयोग मिले तो वे अपनी मेहनत और लगन के बल पर आर्थिक रूप से सशक्त बनकर समाज में नई पहचान स्थापित कर सकती हैं। इसी का उदाहरण सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत सिलफिली की निवासी ममता विश्वास हैं, जो आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं।
कभी सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों से जूझने वाली ममता विश्वास ने अपनी मेहनत और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन “बिहान” से मिली सहायता के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है।
ममता विश्वास एकता महिला स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने बचत और स्वावलंबन के महत्व को समझा और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का संकल्प लिया। बिहान योजना के अंतर्गत बैंक लिंकेज के माध्यम से उन्हें 30 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने अपने खेत में सब्जी की खेती प्रारंभ की।
वर्तमान में ममता विश्वास सब्जी उत्पादन और बिक्री से प्रतिवर्ष लगभग 3 लाख से 3 लाख 50 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि वे अपने बच्चों की शिक्षा और घर की अन्य आवश्यकताओं को भी सहजता से पूरा कर पा रही हैं।
ममता का कहना है कि बिहान योजना और स्वयं सहायता समूह से मिली सहायता ने उनके जीवन में नया आत्मविश्वास पैदा किया है। उनका मानना है कि यदि महिलाएं समूह से जुड़कर मेहनत करें तो वे भी आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
ममता विश्वास की इस सफलता से प्रेरित होकर गांव की अन्य महिलाएं भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
प्रधान संपादक


