Explore

Search

March 8, 2026 4:21 pm

दुर्ग में 8 करोड़ की अवैध अफीम खेती का भंडाफोड़, मक्का के खेत में छिपाकर उगाई जा रही थी फसल-तीन गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम समोदा, झेनझरी और सिरसा के मध्य स्थित खेत में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल भूमि पर अफीम के पौधे उगाए जाने का खुलासा हुआ है। जप्त पौधों की अनुमानित कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। खेत में मक्का और भुट्टे की फसल के बीच-बीच में अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि खेती को छिपाया जा सके। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शून्य में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की और अन्य संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के लिए सूचना दी।

संयुक्त टीम द्वारा खेत का निरीक्षण करने पर लगभग 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की फसल पाई गई, जिसे जप्त कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक जप्त पौधों की कीमत करीब 8 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मामले की जानकारी राजस्व विभाग को मिलने पर कलेक्टर दुर्ग के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसीलदार और अतिरिक्त तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर भूमि अभिलेखों की जांच की। जांच में ग्राम झेनझरी स्थित खसरा नंबर 309 रकबा 80 डिसमिल तथा खसरा नंबर 310 रकबा 9 एकड़ 92 डिसमिल, कुल 10 एकड़ 72 डिसमिल भूमि दर्ज पाई गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें विनायक ताम्रकार (58) निवासी तेमरापारा दुर्ग, विकास बिश्नोई (27) निवासी ग्राम मटोडा जिला जोधपुर (राजस्थान) हाल मुकाम समोदा तथा मनीष ठाकुर (45) का नाम शामिल है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अफीम की खेती के लिए बाहर से लोगों को बुलाकर काम कराया जा रहा था।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जप्त किए गए अफीम के पौधों की न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष विधिवत सैंपलिंग भी कराई गई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चन्द्रा, नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर, एसडीओपी धमधा चित्रा वर्मा, सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश, थाना पुलगांव व जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एफएसएल, आबकारी विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।

एएसपी सुखनंदन राठौर ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशीले पदार्थों के उत्पादन, परिवहन या व्यापार से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS