Explore

Search

April 25, 2026 10:49 pm

41 टन लोहे का एंगल लेकर भागा हेल्पर नाकेबंदी में पकड़ा, 60 लाख की संपत्ति बरामद

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराध कर कोई भी कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रायगढ़, 9 मार्च। रायगढ़ पुलिस ने ट्रेलर सहित 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को संयुक्त कार्रवाई में पकड़ लिया है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की नाकेबंदी के दौरान आरोपित को गिरफ्तार कर ट्रेलर सहित करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मार्च को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट (29) निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला, तहसील सरवार, जिला अजमेर (राजस्थान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और उसके साथ करीब 8–9 दिन से एक परिचित किशोर हेल्पर के रूप में काम कर रहा था।

बताया गया कि 5 मार्च को दोनों जेएसपीएल रायगढ़ पहुंचे थे, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड किया गया। 7 मार्च की शाम जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे ट्रेलर खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर वाहन में बैठा था और ट्रेलर में चाबी लगी हुई थी।

चालक जब कागजात जांच कराने कार्यालय के अंदर गया और करीब एक घंटे बाद लौटा तो ट्रेलर वहां नहीं मिला। हेल्पर का मोबाइल भी बंद मिला। प्रार्थी ने आशंका जताई कि ट्रेलर तथा उसमें लोड लोहे का एंगल सहित करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है।

रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में तत्काल नाकेबंदी कराते हुए सीमावर्ती जिलों को भी सूचना भेजने के निर्देश दिए। सघन चेकिंग के दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर पकड़ा और इसकी सूचना कोतरारोड़ पुलिस को दी।

थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपित को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने ट्रेलर सहित उसमें लोड 41 टन लोहे का एंगल जब्त कर करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली।

पूछताछ में विधि के साथ संघर्षरत बालक ने ट्रेलर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे किशोर न्याय अधिनियम के तहत किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

बरामद संपत्ति

• ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 – कीमत लगभग 40 लाख रुपये

• 41 टन लोहे का एंगल – कीमत लगभग 20 लाख रुपये

• कुल बरामदगी – लगभग 60 लाख रुपये

एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। संयुक्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराध कर कोई भी कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS