Explore

Search

March 10, 2026 8:48 pm

अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े लोगों के अतिक्रमण पर प्रशासन की कार्रवाई, बुलडोजर से हटाया गया अवैध निर्माण

दुर्ग, 10 मार्च। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों द्वारा राजस्व भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हटाया। राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलगांव थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के मामले में मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, जिला दुर्ग से जुड़े व्यक्तियों की जांच के दौरान यह सामने आया कि उसके कुछ रिश्तेदारों ने ग्राम समोदा क्षेत्र में राजस्व भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर निर्माण कर लिया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग ने भूमि अभिलेखों की जांच की, जिसमें संबंधित भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य प्रशासनिक विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर से हटवा दिया।

कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शासकीय अथवा निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS