बिलासपुर। शहर के दो युवक और दो युवतियां रविवार को जांजगीर-चांपा जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। शाम को नदी में नहाते समय अचानक हादसा हो गया। इस दौरान सरकंडा निवासी युवती स्वर्णरेखा ठाकुर (30) बहने लगी। उसे बचाने के लिए दयालबंद निवासी अंकुर कुशवाहा (28) और अशोक नगर निवासी पीयुष भोई (26) नदी में कूद गए। तेज बहाव की वजह से तीनों गहराई में समा गए और लापता हो गए।

पंतोरा चौकी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चारों दोस्त पिकनिक पर पहुंचे थे। उनके साथ कॉलेज का दोस्त अर्जुनी अकलतरा निवासी लक्ष्मीशंकर राय भी शामिल हुआ था। हादसा होते ही साथ में मौजूद मोनिका सिन्हा और लक्ष्मीशंकर ने तत्काल स्थानीय लोगों को सूचना दी। इसके बाद पंतोरा पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग शुरू की। अंधेरा बढ़ने के कारण देर रात तलाशी अभियान रोकना पड़ा, जिसे सोमवार सुबह फिर शुरू किया जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पंतोरा पुलिस ने पीयुष भोई के बड़े भाई अमित को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।
पीयुष के पिता अशोक भाई, जो सरकारी शिक्षक हैं, हादसे की जानकारी मिलते ही कुछ बोल नहीं पा रहे थे। परिवार सरोज विहार कॉलोनी बहतराई में रहता है। परिजनों के मुताबिक, पीयुष ने हाल ही में फार्मेसी की पढ़ाई पूरी की थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस और बचाव टीमों का कहना है कि नदी में बहाव तेज होने से खोजबीन में मुश्किल आ रही है। हालांकि तीनों की तलाश सोमवार सुबह फिर तेज की जाएगी। हादसे के बाद से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रधान संपादक




