Explore

Search

October 17, 2025 12:20 am

फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर डॉक्टर से 15 हजार की ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर में रहने वाली महिला डॉक्टर के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर डॉक्टर से करीब 15 हजार रुपये हड़प लिए। डॉक्टर को जब खाते में रुपये जमा न होने की जानकारी हुई, तब ठगी का खुलासा हुआ। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


राजकिशोर नगर परशुराम चौक के पास रहने वाली डॉ. सुमन शुक्ला (38) सकरी में अंबिका क्लिनिक चलाती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दलदलिहापारा निवासी सुधीर बारमते अपने बच्चों का इलाज कराने के लिए उनके क्लिनिक में आता था। इलाज के दौरान धीरे-धीरे उससे जान-पहचान हो गई। इस भरोसे का उसने गलत फायदा उठाया। डॉक्टर ने बताया कि नौ सितंबर को सुधीर अपने बच्चे को इलाज कराने क्लिनिक आया था। उसने दवा ली और 3500 रुपये का आनलाइन ट्रांजेक्शन करने की बात कही। उसी शाम उसने क्लिनिक पहुंचकर मोबाइल में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का स्क्रीन शॉट दिखाया। डॉक्टर व्यस्त थीं, इसलिए उन्होंने खाते की जांच नहीं की। इसके बाद वह लगातार क्लिनिक आता रहा और एक-दो हजार रुपये मांगता। हर बार वह भुगतान का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर डॉक्टर को गुमराह करता रहा। शुक्रवार को वह फिर रुपये लेने क्लिनिक पहुंचा। इस बार डॉक्टर ने खाते की जांच करने पर पाया कि अब तक एक भी रुपये ट्रांसफर नहीं हुए हैं। जब डॉक्टर ने हिस्ट्री दिखाने की बात कही तो आरोपी ने बहाना बनाते हुए कहा कि उसने दूसरे मोबाइल से पैसे ट्रांसफर किए हैं। उसकी बातों पर डॉक्टर को शक हुआ। उन्होंने तुरंत बैंक से अपना स्टेटमेंट निकलवाया, जिससे पूरी ठगी का खुलासा हो गया। इसके बाद डॉक्टर ने सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सुधीर बारमते के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी ने किस तरह से फर्जी स्क्रीन शॉट तैयार किया, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS