“आईजी की आम नागरिकों से अपील,अनुभव के माध्यम से पुलिस सेवाओं पर अपने सुझाव और फीडबैक दें, ताकि प्राप्त सुझावों के आधार पर पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके”
छत्तीसगढ़ ।बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर अनुभव पोर्टल के तहत प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की। बैठक में पिछले एक माह में थानों और पुलिस कार्यालयों से प्राप्त सुझावों शिकायतों और रेटिंग के आधार पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह, रायगढ़ एसएसपी शशिमोहन सिंह, कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी, जाँजगीर-चापा विजय पांडे, मनोज खिलाड़ी और शक्ति एसपी प्रफुल्ल ठाकुर सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। आईजी गर्ग ने रेंज कार्यालय से प्रतिदिन भेजे जा रहे अनुभव फीडबैक के आधार पर जिलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जानकारी ली।
फरवरी 2026 में बिलासपुर जिले में कुल 201 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक थाना सरकंडा में 64 और थाना सिविल लाइन में 20 फीडबैक दर्ज हुए, जबकि सिटी कोतवाली, बिल्हा, अजाक, यातायात थाना, रेंज साइबर थाना एसीसीयू पुलिस सहायता केंद्र सिम्स और मोपका से कोई फीडबैक प्राप्त नहीं हुआ।
इसी प्रकार रायगढ़ जिले में कुल 331 फीडबैक मिले, जिनमें जूटमिल और कोतरारोड थाना से 44-44 फीडबैक प्राप्त हुए, जबकि अजाक और महिला थाना से कोई फीडबैक नहीं आया।
कोरबा जिले में 55 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें उरगा थाना से सर्वाधिक 12 फीडबैक मिले, जबकि कोतवाली, साइबर थाना, दर्री, कुसमुंडा, पाली, पसान और लेमरू से कोई फीडबैक नहीं मिला।
जांजगीर जिले में कुल 100 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें सारागांव थाना में 20 और जांजगीर थाना में 11 फीडबैक दर्ज हुए, जबकि कोटमी सुनार और रहौद पुलिस सहायता केंद्र से शून्य फीडबैक मिला।
मुंगेली जिले में 230 फीडबैक मिले, जिनमें पथरिया थाना में 46, लोरमी में 24, सिटी कोतवाली में 33 और साइबर सेल में 21 फीडबैक प्राप्त हुए, जबकि चौकी डिंडोरी से कोई फीडबैक नहीं मिला।
सारंगढ़ जिले में कुल 51 फीडबैक मिले, जिनमें डोंगरीपाली थाना से 11 फीडबैक दर्ज हुए, जबकि बिलाईगढ़ थाना से शून्य फीडबैक मिला।
सक्ती जिले में 127 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें मालखरौदा थाना में 38, जैजैपुर में 20 और डभरा में 19 फीडबैक मिले।
वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से कुल 39 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें पेंड्रा थाना में 22 फीडबैक दर्ज हुए, जबकि खोडरी चौकी से कोई फीडबैक नहीं मिला।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि अधिकांश थानों की औसत रेटिंग 5 में से लगभग 3.5 रही है, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। हालांकि जिन थानों की ग्रेडिंग इससे कम है, उनमें सुधार के लिए पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि अनुभव के तहत थानों और पुलिस कार्यालयों में आने वाले लोग वहां लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपने सुझाव और शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। फीडबैक में कहीं पेयजल और बैठने की व्यवस्था की कमी, कहीं पुलिस कर्मियों के व्यवहार संबंधी शिकायतें, तो कहीं पुलिस के त्वरित कार्य और सहयोग की प्रशंसा भी सामने आई है।
आईजी गर्ग ने निर्देश दिए कि अनुभव के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक फीडबैक की समीक्षा कर थानों की व्यवस्थाओं और पुलिस कर्मियों के व्यवहार में सुधार किया जाए। जिन थानों से लगातार सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है, उन्हें प्रोत्साहित और पुरस्कृत करने की भी बात कही गई।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन थानों से फीडबैक नहीं आ रहे हैं, वहां कारणों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। आईजी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अनुभव के माध्यम से पुलिस सेवाओं पर अपने सुझाव और फीडबैक अवश्य दें, ताकि प्राप्त सुझावों के आधार पर पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
प्रधान संपादक


