Explore

Search

October 13, 2026 12:01 am

दुर्ग पुलिस की डीएसपी आकर्षि कश्यप का अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में जलवा, दो सप्ताह में लगातार दो रजत पदक जीते

नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी शानदार प्रदर्शन, चोट से उबरकर की दमदार वापसी; अब जर्मनी के HYLO Open पर नजर

CBN36 दुर्ग, 12 अक्टूबर 2026। दुर्ग पुलिस में डीएसपी के पद पर पदस्थ अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी आकर्षि कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए महज दो सप्ताह के भीतर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उन्होंने पहले नीदरलैंड में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया और इसके बाद तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

नीदरलैंड में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में आकर्षि कश्यप ने डेनमार्क की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमाली शुल्ज को सीधे गेमों में 21-15, 21-13 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। चोट से उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में उनकी यह वापसी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लगातार दो प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उन्होंने अपनी खेल क्षमता, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को साबित किया है।

नीदरलैंड के बाद तुर्किये में भी जारी रहा शानदार प्रदर्शन

नीदरलैंड की प्रतियोगिता के बाद आकर्षि कश्यप ने तुर्किये इंटरनेशनल बैडमिंटन चैलेंज में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने तीन दिनों में पांच मुकाबले खेले। लगातार मैचों के कारण उत्पन्न शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपना प्रदर्शन बरकरार रखा और रजत पदक जीतने में सफलता हासिल की।

चोट से उबरकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार दो प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतना आकर्षि कश्यप की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से दुर्ग पुलिस सहित छत्तीसगढ़ के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

अब जर्मनी के HYLO Open में दिखाएंगी दम

आकर्षि कश्यप का अगला लक्ष्य जर्मनी में आयोजित होने वाली HYLO Open बैडमिंटन प्रतियोगिता है, जो 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वे 23 अक्टूबर को रवाना होंगी। लगातार दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने के बाद उनसे आगामी टूर्नामेंट में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

दुर्ग पुलिस ने दी बधाई

दुर्ग पुलिस परिवार ने डीएसपी आकर्षि कश्यप को नीदरलैंड और तुर्किये में लगातार दो अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पुलिस विभाग ने उनके प्रदर्शन को अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया तथा जर्मनी में होने वाली HYLO Open प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS