Explore

Search

October 25, 2026 11:03 pm

जशपुर में गणेश विसर्जन जुलूस पर बोलेरो चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार,भेजा गया जेल

जशपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बोलेरो वाहन से लोगों को कुचलने के आरोपी चालक को पुलिस ने इलाज पूरा होने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।

पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घटना दो सितम्बर को थाना बगीचा क्षेत्र के ग्राम जूरुडांड में हुई थी। गांव के लगभग 100-150 लोग देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे। इसी दौरान आरोपी चालक सुखसागर दास निवासी ग्राम कुदमुरा थाना नारायणपुर कथित रूप से नशे की हालत में बोलेरो क्रमांक CG 15 CR 1429 चलाते हुए जुलूस में घुस गया। वाहन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। आरोपी चालक को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन वह स्वयं घायल होने के कारण अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक अन्य घायल की भी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के ठीक होने पर उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है और थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125(ए) और 105 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS