बिलासपुर। शहर में सड़कों पर बेसहारा मवेशियों की समस्या पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर सरकंडा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में बेसहारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला भेजा तथा तीन मवेशी मालिकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 291, 325 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
अभियान के तहत सरकंडा क्षेत्र में सीपत रोड पर घूम रहे मवेशियों को पकड़कर मोपका स्थित गोशाला भेजा गया। मवेशियों के कान में लगे बिल्ले से मालिक की पहचान कर नगर निगम ने लिंगियाडीह के यादव नगर निवासी इतवारी यादव के खिलाफ सरकंडा थाने में एफआईआर कराई। इसी तरह एसईसीएल गेट के पास से पकड़े गए मवेशियों के मामले में चिंगराजपारा निवासी कलेश्वर यादव के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। वहीं सिरगिट्टी क्षेत्र में पकड़े गए मवेशियों के मामले में निगम के स्वच्छता निरीक्षक ने जानू गुप्ता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान से यातायात और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। साथ ही पशुओं की सुरक्षा भी है। बेसहारा मवेशी जहां सड़क हादसों का कारण बनते हैं, वहीं इन्हें खुला छोड़ना पशु क्रूरता अधिनियम के उल्लंघन में भी आता है।
हाई कोर्ट की सख्ती के बाद जागा प्रशासन
कुछ दिनों पहले हाईवे पर वाहनों की टक्कर से कई मवेशियों की मौत हुई थी। इस घटना पर हाई कोर्ट ने गंभीरता दिखाते हुए प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद से नगर निगम, पुलिस और संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन अब कांजी हाउस और गोशालाओं में मवेशियों को भेजने के साथ ही उनके मालिकों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई कर रहा है। साथ ही, गांव-गांव में पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग मवेशियों को बेसहारा छोड़ने के बजाय उनकी सही देखभाल करें।

प्रधान संपादक