बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र में मंगलवार रात एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद से दोनों युवक फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

चकरभाठा टीआई उत्तम साहू ने बताया कि पीड़िता का पति रोजी-मजदूरी करता है। घटना के वक्त घर पर महिला अकेली थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले नारू बलेचा और सूरज विश्वकर्मा नशे की हालत में जबरन महिला के घर घुस गए और धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने पति के लौटने पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इधर आसपास के लोगों ने बताया कि नारू और सूरज अक्सर नशे में धुत होकर मोहल्ले में हंगामा करते थे। महिलाओं पर वे आए दिन आपत्तिजनक टिप्पणी करते थे। इनकी हरकतों से मोहल्ले की महिलाएं डरी-सहमी रहती थीं और पुलिस से शिकायत करने में हिचकती थीं। आरोपित नारू बलेचा आदतन अपराधी है। कुछ माह पहले उस पर एक युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसमें जेल भी गया था। हाल ही में वह जमानत पर छूटकर आया था और आते ही दोबारा मोहल्ले की महिलाओं को परेशान करने लगा था।

प्रधान संपादक