बिलासपुर ।भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने सोमवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुत्र मोह में पूरी पार्टी को प्रदर्शन में झोंक दिया है। उन्होंने पूछा कि भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल कांग्रेस में किस पद पर हैं, जिनके लिए प्रदेशभर में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के बचाव में जनता को गुमराह कर रही है और कानून सम्मत कार्रवाई में अवरोध उत्पन्न कर रही है।
भाजपा ने इस दौरान कांग्रेस शासनकाल में कोयला खनन से संबंधित दस्तावेज जारी करते हुए आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने कोल ब्लॉक आवंटन के लिए खुद कई पत्र लिखे और पर्यावरणीय स्वीकृतियों की सिफारिशें भेजीं।
अग्रवाल ने कहा, “2010 में केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने हसदेव अरण्य को ‘नो-गो जोन’ से ‘गो एरिया’ में परिवर्तित किया था। इसके बाद कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ और राजस्थान सरकारों ने अडानी समूह को खनन के लिए खदानें सौंपीं।”
उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2019 से लेकर जनवरी 2023 तक बघेल सरकार ने कई कोल ब्लॉकों के लिए पर्यावरण और वन स्वीकृतियां दीं।
भाजपा नेता ने कांग्रेस से तीन सवाल पूछे:
1. क्या कांग्रेस मनमोहन सिंह सरकार के निर्णयों के लिए माफी मांगेगी?
2. क्या भूपेश बघेल अब अपने घर और राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे?
3. क्या कांग्रेस भविष्य में हर आरोपी के समर्थन में सड़कों पर उतरेगी?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर रही है। “आज जब कानून कार्रवाई कर रहा है, तो कांग्रेस अपराधियों के पक्ष में खड़ी नजर आ रही है,” उन्होंने कहा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा, किशोर राय और दुर्गेश पांडे भी उपस्थित थे।

प्रधान संपादक