Explore

Search

March 9, 2026 6:25 pm

पत्नी और बेटी को डांस से रोका तो रिश्तेदारों ने की युवक की पिटाई

बिलासपुर। विवाह समारोह में पत्नी और बेटी को डांस करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। जब उसने अपने रिश्तेदार को ऐसा करने से मना किया तो बात इतनी बढ़ गई कि रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम डिघोरा की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम डिघोरा निवासी तुलसी मिरी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वे हाल ही में अपने मामा रामकुमार डहरिया के घर आयोजित शादी समारोह में परिवार सहित शामिल होने गए थे। समारोह के दौरान तुलसी के रिश्तेदार दिलीप डहरिया ने उनकी पत्नी अंजू मिरी और बेटी अंजली को डांस करने के लिए उकसाया। तुलसी ने इसका विरोध किया और दिलीप से कहा कि वह ऐसी बातें न करे।
तुलसी की यह बात दिलीप को नागवार गुज़री और उसने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दिलीप ने अपने साथियों के साथ मिलकर तुलसी की पिटाई कर दी। यह हंगामा शादी समारोह में मौजूद मेहमानों के बीच अफरा-तफरी का कारण बना। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर तुलसी को हमलावरों से बचाया।
हमले में तुलसी को चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने थाने जाकर पूरे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। हिर्री पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS