
4200 वर्गफीट में बनाया गया होल्डिंग एरिया, 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था; 24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम

“रेलवे प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है”
CBN36 बिलासपुर। दीपावली के बाद घरों एवं कार्यस्थलों पर लौटने वाले यात्रियों और आगामी छठ पूजा के मद्देनजर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन, टिकटिंग, सुरक्षा, खानपान और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने 10 नवंबर को रायपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने होल्डिंग एरिया, क्राउड मैनेजमेंट प्लान, टिकटिंग व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
400 यात्रियों की क्षमता वाला होल्डिंग एरिया
रायपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया विकसित किया गया है। यहां करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां 15 एवं 20 रुपये में किफायती भोजन तथा 14 रुपये में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं का फीडबैक लिया।
टिकटिंग सुविधाओं का किया विस्तार
यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से स्टेशन पर 20 एटीवीएम लगाए गए हैं। इसके साथ ही टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है तथा मोबाइल टिकटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। महाप्रबंधक ने आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट केंद्र, क्लॉक रूम, मार्गदर्शन कियोस्क और प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्थापित डिजिटल बैगेज लॉकर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय एवं स्वस्थ वेटिंग लाउंज में यात्रियों से चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी भी ली।
सीसीटीवी से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना या समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम
त्योहारी सीजन में यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष वार रूम सक्रिय रखा गया है। यहां से विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड के जरिए भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। वार रूम में वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
रेलवे प्रशासन ने प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, एयर कंडीशनिंग, पेयजल, लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। स्टेशन परिसर और सर्कुलेटिंग एरिया में साफ-सफाई, यात्रियों के सुगम आवागमन तथा प्लेटफॉर्म पर प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इसके अलावा खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्टेशन पर एम्बुलेंस और चिकित्सा दल की व्यवस्था भी की गई है।
प्रधान संपादक