सड़क निर्माण बना जी का जंजाल, 45 से 50 मिनट में तय हो रही दूरी
CBN36 बिलासपुर। पावर हाउस से लाल खदान ओवरब्रिज तक सड़क निर्माण आम लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। सड़क के एक हिस्से को निर्माण कार्य के लिए पूरी तरह खोद दिया गया है, जिसके चलते दूसरे हिस्से से ही दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही हो रही है। वहीं, वेयरहाउस में चावल खाली करने आने वाले ट्रकों की लंबी कतार सड़क पर स्थायी रूप से खड़ी रहती है। ऐसे में इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं लाल खदान निवासी अभय नारायण राय ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पावर हाउस से ओवरब्रिज तक यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। हालात ऐसे हैं कि इस छोर से उस छोर तक पहुंचने में लोगों को 45 से 50 मिनट तक लग रहे हैं। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं और लोगों को आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पावर हाउस पर यातायात पुलिस के जवानों की व्यवस्था नहीं है। देवरी खुर्द मोड़ पर भी ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात नहीं रहते। सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार ने भी पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और दिशा-निर्देश संबंधी संकेतक नहीं लगाए हैं। इसके कारण वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार रास्ता निकालने की कोशिश करते हैं, जिससे आपस में विवाद की स्थिति बनती है और लोग जाम में फंसकर परेशान होते हैं।
अधिकारियों को शिकायत, लेकिन समाधान नहीं
अभय नारायण राय ने आरोप लगाया कि यातायात विभाग, संबंधित लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को बार-बार फोन करने के बावजूद समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल रहा है। अधिकारियों की ओर से यही जवाब मिलता है कि जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक इसी तरह यातायात संचालित होगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सड़क निर्माण पूरा होने तक लोगों को इसी अव्यवस्था में सफर करना पड़ेगा, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रहा खतरा
राय ने कहा कि इस मार्ग पर बड़े ट्रक, भारी बसें और ओवरलोडेड ट्रक दिनभर, शाम और रात में भी चलते रहते हैं। इससे पहले से ही संकरे और बाधित मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि महामंद चौक से पावर हाउस तक नो-एंट्री का प्रावधान होने के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है।
उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर ने हाल ही में अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान सड़क का काम जल्द पूरा होने का आश्वासन मिला है। लेकिन सवाल यह है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा चक्काजाम
अभय नारायण राय ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि पावर हाउस से लाल खदान ओवरब्रिज तक यातायात नियंत्रित करने के लिए तत्काल ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाए। देवरी खुर्द मोड़ पर जवानों की व्यवस्था हो, निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं तथा भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो देवरी खुर्द चौक पर चक्काजाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के नाम पर आम जनता को अनिश्चितकाल तक जाम, परेशानी और दुर्घटना के खतरे के बीच नहीं छोड़ा जा सकता।
प्रधान संपादक