Explore

Search

September 27, 2026 1:18 am

एसईसीएल सीवीओ हिमांशु जैन ने एनटीपीसी सीपत के अधिकारियों को समझाई पारदर्शी खरीद प्रक्रिया

सार्वजनिक खरीद, अनुबंध प्रबंधन और सतर्कता उपायों पर हुई चर्चा

CBN36 बिलासपुर। सार्वजनिक संस्थानों में खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) हिमांशु जैन ने शनिवार को एनटीपीसी सीपत में अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी दी। यह कार्यक्रम निवारक सतर्कता पर चल रहे तीन माह के अभियान के तहत आयोजित किया गया।

‘सार्वजनिक खरीद : रूपरेखा, प्रक्रिया एवं सत्यनिष्ठा संबंधी सुरक्षा उपाय’ विषय पर आयोजित सत्र में हिमांशु जैन ने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, नियमों के पालन और सतर्कता मानकों की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बेहतर खरीद व्यवस्था के लिए सही योजना, निर्धारित प्रक्रिया का पालन और प्रभावी निगरानी जरूरी है।

सत्र में सार्वजनिक खरीद की शुरुआत से लेकर अंतिम चरण तक की प्रक्रिया, विभिन्न चयन पद्धतियों, नीतिगत प्रावधानों, अनुबंध प्रबंधन और सतर्कता उपायों की जानकारी दी गई। डिजिटल माध्यमों से खरीद प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन और अनुपालन व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी सीपत के मुख्य महाप्रबंधक (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) विजय शंकर दुबे, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) सुरोजित सिन्हा, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं एफएम) अशोक सरकार, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) लिंगम वेंकट रेड्डी, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट कंस्ट्रक्शन) डॉ. बैंकिम सामद्दार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एसईसीएल के महाप्रबंधक (सतर्कता) संजय प्रसाद दुबे और सहायक महाप्रबंधक (सतर्कता) कुंदन राठौर भी कार्यक्रम में शामिल हुए। एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क/राजभाषा) प्रवीण रंजन भारती भी उपस्थित रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। एसईसीएल की ओर से बताया गया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य संस्थानों में पारदर्शी कार्य संस्कृति, नैतिक कार्यप्रणाली और जवाबदेही को बढ़ावा देना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS